भोपाल, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गरिमामयी उपस्थिति में कोलकाता, पश्चिम बंगाल में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़कर उनका प्रेरणादायी मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने योग को विश्व शांति और बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि योग सबको जोड़ता है, सबको साथ लाता है और जब योग हमारे स्वभाव का हिस्सा बन जाता है, तब वह मानवीय एकता का आधार बनता है। उन्होंने कहा कि योग मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है।कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक एवं पर्यटन सचिव डॉ. इलैयाराजा टी., अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय बेडेकर तथा संत हिरदाराम मेडिकल कॉलेज के डॉ. अंकेश भदौरिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
"योग अपनाएं, स्वस्थ और संतुलित जीवन पाएं"
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक एवं पर्यटन सचिव डॉ. इलैयाराजा टी. ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग योग को केवल स्वास्थ्य गतिविधि नहीं, बल्कि आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं जीवन मूल्यों से जुड़ी समृद्ध विरासत के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि योग हमें अनुशासन, आत्मविश्वास और जीवन जीने की श्रेष्ठ कला सिखाता है।
"योग है स्वस्थ जीवन का आधार, इसे दिनचर्या का हिस्सा बनाएं"
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय बेडेकर ने कहा कि योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाकर हम स्वस्थ, सुखी एवं समृद्ध समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने सभी को नियमित योगाभ्यास का संकल्प लेने का आह्वान किया।
"योग फॉर हेल्दी एजिंग" थीम पर आयोजित हुआ सामूहिक योग सत्र
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर आयोजित सामूहिक योग सत्र में संत हिरदाराम मेडिकल कॉलेज के डॉ. अंकेश सिंह भदौरिया एवं उनकी टीम द्वारा मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया।योग सत्र में प्रारंभिक प्रार्थना, सूक्ष्म व्यायाम, खड़े होकर किए जाने वाले आसन, बैठकर किए जाने वाले आसन, पेट के बल एवं पीठ के बल किए जाने वाले आसन, प्राणायाम, ध्यान तथा समापन प्रार्थना का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक एवं पर्यटन सचिव डॉ. इलैयाराजा टी. तथा अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय बेडेकर द्वारा डॉ. अंकेश भदौरिया को अंगवस्त्र एवं पाम पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर गूंजा योग का संदेश
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा पर्यटन स्थलों पर भी व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजधानी भोपाल में के बोट क्लब पर प्रतिभागियों योगाभ्यास किया। इंदौर में अपराजिता महिला संघ एवं एरोबिक्स क्लब द्वारा मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की "महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना" के अंतर्गत 56 दुकान स्थित महाकोष हाउस परिसर में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परियोजना से जुड़ी महिलाओं एवं छात्राओं ने सहभागिता करते हुए महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण का संदेश दिया। योग प्रशिक्षक जितेन्द्र मेश्राम ने योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्रदान की तथा सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।इसी क्रम में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं वसुधा विकास संस्थान द्वारा निर्भया कोष से संचालित "महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल" परियोजना के अंतर्गत धार संकुल के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, ज्ञानपुरा में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। "योग फॉर हेल्दी एजिंग" थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया गया। आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त छात्राओं ने उत्साह एवं अनुशासन के साथ विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।
वहीं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित "महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल" परियोजना के अंतर्गत इंडियन ग्रामीण सर्विसेस संस्था द्वारा पचमढ़ी संकुल के तामिया पर्यटन स्थल स्थित पर्यटन ग्राम काजरा में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं, स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
संयुक्त राष्ट्र संघ ने साल 2014 में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र संघ ने 11 दिसंबर 2014 को एक प्रस्ताव पारित कर हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसके बाद, 21 जून 2015 को दुनिया भर में पहला आधिकारिक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। आज पूरे विश्व में योग के लिये एक अदभुत वातावरण बना है। पूरा विश्व आज योग कर रहा है। भारतवर्ष के नागरिकों के लिये गौरव का क्षण है। योग का विधिवत विज्ञान यहाँ सुरक्षित है। योग दर्शन की विरासत से आज पूरा विश्व समाज लाभान्वित हो रहा है। नई पीढी इस अलौकिक समय के साक्षी बन रही हैं। हम आज गौरव और आनंद से भरे हैं। भारत का गौरव बढाने वाला क्षण तो है ही बल्कि पूरे विश्व को परम चेतना के प्रति जाग्रत करने का क्रांतिकारी कदम भी है।