भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने दीपावली एवं धनतेरस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रदेश के किसानों, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण श्रमिकों के हित में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों का वास्तविक आनंद तभी संभव है, जब प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में आर्थिक खुशहाली और सुरक्षा हो।
श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश का हर नागरिक अपनी सामर्थ्य के अनुसार त्योहार मनाने का प्रयास कर रहा है। ऐसे में विपक्ष के प्रतिनिधि के रूप में यह उनकी जिम्मेदारी है कि सरकार का ध्यान ऐसे व्यावहारिक और जनहितैषी उपायों की ओर आकर्षित किया जाए, जिनसे समाज के हर वर्ग को आर्थिक राहत मिल सके।
उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष निम्नलिखित सुझाव रखे हैं :
1. अन्नदाताओं के लिए समृद्ध फसल, सुरक्षित भुगतान नीति
- किसानों की उपज, विशेषकर सोयाबीन और धान, का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और घोषित बोनस समय पर दिया जाए।
- खरीदी केंद्रों पर भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनाई जाए और 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
2. मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों के लिए 'त्योहारी राहत पैकेज'
- स्थानीय बाजारों, कुम्हारों, हस्तशिल्पियों और छोटे दुकानदारों (MSME) को प्रोत्साहित करने के लिए आसान शर्तों पर ब्याजमुक्त ऋण अथवा विशेष अनुदान योजना शुरू की जाए।
- घरेलू उपयोग की वस्तुओं और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर स्थानीय करों (Taxes/Cess) में राहत दी जाए।
3. माताओं-बहनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं संबल के ठोस अवसर
- लाड़ली बहना योजना की सहायता राशि में समयबद्ध वृद्धि और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
- युवाओं के लिए लंबित सरकारी भर्तियों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और एक निश्चित रोजगार कैलेंडर सख्ती से लागू किया जाए।
इसके अतिरिक्त श्री पटवारी ने रखे चार महत्वपूर्ण सुझाव :
4. कुटीर उद्योग और पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक सहायता
दीपावली के दीये बनाने वाले पारंपरिक कुम्हारों और माटी कला बोर्ड से जुड़े कारीगरों को ₹10,000 तक की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाए।
5. बिजली बिलों में त्योहारी राहत
त्योहारी सीजन को देखते हुए छोटे दुकानदारों और घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिलों पर लगने वाले लेट फीस एवं सरचार्ज को पूरी तरह माफ किया जाए।
6. ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और पलायन पर रोक
ग्रामीण अंचलों में मनरेगा के तहत बकाया मजदूरी का तत्काल भुगतान किया जाए, ताकि ग्रामीण श्रमिकों को आर्थिक राहत मिले और मजबूरी में होने वाले पलायन को रोका जा सके।
7. पर्यटन, कला और संस्कृति को प्रोत्साहन
प्रदेश के स्थानीय लोक कलाकारों और सांस्कृतिक कर्मियों के लिए विशेष त्योहारी प्रोत्साहन पैकेज घोषित किया जाए, जिससे प्रदेश की कला, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को आर्थिक संबल मिल सके।
श्री जीतू पटवारी ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि खुशहाली, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। सरकार का उद्देश्य केवल कमियां गिनाना नहीं, बल्कि प्रदेश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और खुशहाल बनाना होना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इन जनहितैषी सुझावों पर सकारात्मक इच्छाशक्ति के साथ तत्काल निर्णय लेकर इन्हें लागू किया जाए, ताकि मध्य प्रदेश का हर किसान, व्यापारी, महिला, युवा और श्रमिक भी दीपावली का पर्व सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली के साथ मना सके।