मई और जून के महीनों में सूरज के तीखे तेवर और भीषण गर्मी ने पूरे देश को बेहाल कर रखा है। इसी बीच, स्कूलों में बच्चों की गर्मियां की छुट्टियां भी शुरू हो चुकी हैं। कई बच्चे नानी के घर होंगे तो उनके लिए बहुत खास जगहें हम बताने जा रहे हैं जिससे उनका ये समर यादगार होगा। हर परिवार एक ऐसे ठिकाने की तलाश में है, जहाँ गर्मी से राहत भी मिले और बच्चों के साथ खुलकर खुशियाँ भी मनाई जा सकें। यदि आप भी इस चिलचिलाती धूप से दूर किसी ठंडी और सुकून भरी जगह पर जाने का मन बना रहे हैं, तो आपको प्रदेश से बाहर जाने की बिल्कुल ज़रूरत नहीं है।
‘हिंदुस्तान का दिल’ कहे जाने वाले मध्य प्रदेश में कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जहाँ प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था, रोमांच और बच्चों के मनोरंजन का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। पर्यटकों की सुविधा और बच्चों के समर वैकेशन को खास बनाने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा विभिन्न होटल्स और रिसॉर्ट्स में विशेष व्यवस्थाएँ भी की गई हैं।
चलिए सबसे चलते हैं जहां दिन नहीं ढलता है....वो है पचमढ़ी...
पचमढ़ी – मध्य प्रदेश का इकलौता हिल स्टेशन (सतपुड़ा की रानी)
यदि आप पहाड़ों की ताज़ी हवा और ठंडे मौसम का मज़ा लेना चाहते हैं, तो पचमढ़ी सबसे पहला और बेहतरीन विकल्प है। घने जंगलों, कल-कल बहते झरनों और गहरी घाटियों से घिरा पचमढ़ी गर्मियों में भी बेहद सुखद रहता है।बच्चों के लिए आकर्षण: बी-फॉल, अप्सरा विहार में बोटिंग और स्नान, जटाशंकर गुफाएं, और सनसेट पॉइंट (राजेंद्र गिरी) जहाँ शाम को ठंडी हवाएं चलती हैं।पचमढ़ी में मध्य प्रदेश पर्यटन (MPT) की व्यवस्था बेहद शानदार और व्यवस्थित है। यहाँ बजट से लेकर लग्जरी और हेरिटेज तक कई रिसॉर्ट्स मौजूद हैं। एमपीटी की सबसे खास बात यहाँ का पूर्णतः महिलाओं द्वारा संचालित 'अमलतास' होटल है, जो महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण है।
बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में मिलेगा आस्थ और ज्ञान का भंडार
उज्जैन में समर वैकेशन के दौरान बच्चों के लिए धार्मिक, मनोरंजक और ज्ञानवर्धक घूमने की कई शानदार जगहें हैं।महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन बच्चों के लिए आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करते हैं।राम घाट पर शाम की आरती और शिप्रा नदी का दृश्य बच्चों को बेहद आकर्षित करता है।जंतर मंतर वेधशाला में बच्चे खगोल विज्ञान और ग्रह-नक्षत्रों की रोचक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।काल भैरव मंदिर अपनी अनोखी परंपराओं के कारण बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र है।संदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारी मिलती है।भर्तृहरि गुफा बच्चों को प्राचीन गुफाओं और इतिहास से परिचित कराती है।शहर के विभिन्न पार्क और फूड ज़ोन बच्चों के लिए मनोरंजन और स्वादिष्ट व्यंजनों का अच्छा विकल्प हैं।गर्मी से राहत पाने के लिए परिवार सुबह और शाम के समय घूमने की योजना बना सकते हैं।
जबलपुर में बच्चों की छुट्टियों बनेगी यादगार
जबलपुर में समर वैकेशन के दौरान बच्चों के लिए प्राकृतिक, ऐतिहासिक और मनोरंजक घूमने की कई शानदार जगहें हैं।भेड़ाघाट की संगमरमर की चट्टानें और नौका विहार बच्चों को बेहद रोमांचित करते हैं।धुआंधार जलप्रपात का मनमोहक दृश्य बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।रानी दुर्गावती संग्रहालय में बच्चे इतिहास और संस्कृति से जुड़ी रोचक जानकारियाँ प्राप्त कर सकते हैं।मदन महल किला बच्चों को प्राचीन स्थापत्य और वीरता की कहानियों से परिचित कराता है।डुमना नेचर रिजर्व पार्क में बच्चे प्रकृति, वन्यजीव और साइकिलिंग का आनंद ले सकते हैं।तिलवारा घाट नर्मदा नदी के शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है।
शहर के मॉल, गेम ज़ोन और फूड कॉर्नर बच्चों के मनोरंजन के लिए अच्छे विकल्प हैं।गर्मी के मौसम में सुबह और शाम के समय घूमना अधिक आरामदायक और आनंददायक रहता है।जबलपुर की प्राकृतिक सुंदरता, इतिहास और रोमांच बच्चों की छुट्टियों को यादगार बना देते हैं
मां नर्मदा के उद्गम अमरकंटक पानी की बौछारें करेंगे गर्मी को छू-मंतर
मैकाल पहाड़ियों के बीच बसा अमरकंटक अपने धार्मिक महत्व के साथ-साथ अपनी अद्वितीय ऊंचाई और घने शाल के जंगलों के कारण गर्मियों में काफी ठंडा रहता है। यहाँ का शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य मन को असीम सुकून देता है। बच्चों के लिए आकर्षण: नर्मदा उद्गम मंदिर, माई की बगिया, कपिल धारा और दुग्ध धारा झरने, जहाँ पानी की बौछारें गर्मी को छू-मंतर कर देती हैं। यहां आपके लिए एमपी टूरिज्म के 'हॉलिडे होम्स' (जैसे- अमरकंटक रिट्रीट) और कई निजी धर्मशालाएं व होटल उपलब्ध हैं।
मांडू –'सिटी ऑफ जॉय' की ठंडी शामें
मांडू में बच्चे ट्रेकिंग, नेचर वॉक और कैंपिंग जैसी गतिविधियों का लुफ्त उठा सकते हैं। ऐतिहासिक शहर मांडू (माण्डवगढ़) अपनी वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन विंध्याचल की पहाड़ियों पर स्थित होने के कारण यहाँ की शामें और रातें बेहद ठंडी और सुहावनी होती हैं। यहाँ के विशाल तालाब और महल गर्मियों में भी वातावरण को ठंडा रखते हैं। बच्चों के लिए आकर्षण: रानी रूपमती महल, जहाज महल (जो दो तालाबों के बीच तैरता हुआ सा दिखता है, और मांडू की प्रेम कहानियों के साथ इतिहास को करीब से जानने का मौका।
इस भीषण गर्मी में घरों में कैद रहने के बजाय अपने बैग पैक कीजिए और बच्चों के साथ मध्य प्रदेश के इन खूबसूरत और ठंडे ठिकानों पर 'खुशियों की ठंडक' का आनंद उठाइए। मांडू में पर्यटकों के ठहरने के लिए 'मलवा रिट्रीट' और 'मलवा रिसॉर्ट' जैसे आरामदायक एमपी टूरिज्म होटल्स की बेहतरीन व्यवस्था है।