भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में 75 वर्षीय कलरी देवी की हत्या के विरोध में शनिवार को परिजन और परिचित सड़क पर उतर आए। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाली सड़क पर करीब 200 मीटर लंबा चक्काजाम कर दिया। करीब 45 मिनट तक प्रदर्शन जारी रहा।
अधिकारियों के आश्वासन और पुलिस की समझाइश के बाद परिजनों ने चक्काजाम खत्म कर दिया। इसके बाद वे कलरी देवी का शव अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हो गए।
परिजनों का कहना है कि हत्यारों ने बेरहमी से कलरी देवी की हत्या की और उनके सोने के दांत तक उखाड़ लिए। वारदात को लेकर परिवार और परिचितों में आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
पहले भी हो चुकी हैं दो हत्याएं
परिजनों का आरोप है कि इलाके में लगातार आपराधिक वारदातें बढ़ रही हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में इसी तरह की दो हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद अपराधों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। बुजुर्ग महिला की हत्या से परिवार और क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है।
अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म किया चक्काजाम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आश्वासन दिया। इसके बाद करीब 45 मिनट से जारी प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस की समझाइश के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हो गए।
मल्टी में अकेली रहती थीं कलरी देवी
75 वर्षीय कलरी देवी पति स्वर्गीय हरिचरण वाजपेयी नगर मल्टी के ब्लॉक बी-2 में अकेली रहती थीं। उनकी चार बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि उनका एक बेटा मूकबधिर है और श्यामला हिल्स स्थित एक सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है।
शुक्रवार सुबह बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सामने आया था। शुरुआती जांच में लूट के इरादे से वारदात किए जाने की आशंका जताई गई थी। अब परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
दम घुटने से हुई हत्या
बुजुर्ग की शार्ट पीएम रिपोर्ट भी पुलिस को मिल गई है। जिसमें दम घुटने से हत्या की पुष्टि हुई है। रस्सी नुमा चीज से महिला के गले को घोटा गया है। हत्या का शक परिजनों ने इलाके में रहने वाले एक युवक पर व्यक्त किया है। वारदात के बाद से युवक इलाके में नहीं देखा गया है। पुलिस ने जांच कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन परिजनों को दिया है।
भारी पुलिस बल मौके पर
एसीपी अनिल बाजपेई, कोहेफिजा खाने के प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर, शाहजहानाबाद थाने के प्रभारी यूपीएस चौहान, सहित दो थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है।
भोपाल के शाहजहानाबाद में 75 वर्षीय कलरी देवी की फ्लैट में हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे पड़ोसन वर्षा ने उनका दरवाजा खुला देखा। अंदर महिला का शव पड़ा था। उनके गले पर चोट के निशान थे। सोने के गहने और नकली दांत में लगा सोना गायब था। आरोपी प्लास से सोने का दांत उखाड़कर ले गया।