रायपुर में सराफा कारोबारी और जेवर महल के संचालक कार्तिक गिरि के लग्जरी कारों के काफिले को पुलिस एस्कॉर्ट देने का मामला सामने आया है।
काफिले के आगे पुलिस की सफेद स्कॉर्पियो चल रही थी। जबकि पीछे चल रही लग्जरी कारों में कुछ लोग खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई दिए।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था, सरकारी वाहन के इस्तेमाल और यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
पुलिस वाहन के आगे चल रहा था कारों का काफिला
वायरल वीडियो में लग्जरी कारों का काफिला सड़क पर गुजरता दिखाई दे रहा है। काफिले के सबसे आगे पुलिस की सफेद स्कॉर्पियो चल रही है। इसके पीछे कई लग्जरी कारें हैं।
इनमें सवार कुछ लोग चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। सड़क पर इस तरह की गतिविधियों से दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
पुलिस एस्कॉर्ट देने का आधार स्पष्ट नहीं
कारोबारी कार्तिक गिरि के काफिले को पुलिस एस्कॉर्ट किस आधार पर दिया गया था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। निजी व्यक्ति को सुरक्षा देने के लिए खतरे का आकलन और सक्षम अधिकारी की अनुमति जरूरी होती है।
पुलिस वाहन की तैनाती किस अधिकारी के आदेश पर हुई और इसके लिए क्या प्रक्रिया अपनाई गई, इस बारे में भी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई का इंतजार
रायपुर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर आम वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाती है। पुलिस बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करती है।
इससे पहले काफिला निकालने वालों पर भी पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। अब वायरल वीडियो में स्टंट करते दिख रहे लोगों की पहचान और उन पर होने वाली कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।