दिल्ली हाई कोर्ट में गुरुवार को CJP के सह-संयोजक सौरव दास की याचिका पर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि मुंबई पुलिस ने 23 नवंबर को सौरव दास के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था। इसी के चलते उन्हें ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया था।

कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे ब्रिटेन

दरअसल, सौरव दास को 24 नवंबर की सुबह ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्रिटेन जाना था, लेकिन उन्हें विदेश जाने से रोक दिया गया। इस कार्यक्रम में उन्हें 'कॉकरोच मूवमेंट' विषय पर बोलना था। इसके बाद उन्होंने केंद्र सरकार के इस फैसले को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी। सौरव दास ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि 23 नवंबर की रात लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से पहले उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन काउंटर पर रोक दिया गया था। अब इस मामले में अगली सुनवाई 9 दिसंबर को होगी।

जस्टिस अमित महाजन की पीठ ने सौरव दास की याचिका पर केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश वकील ने बताया कि सौरव दास को LOC जारी होने के संबंध में कारण बताओ नोटिस भी भेजा गया है, जिसका जवाब उन्होंने अभी तक नहीं दिया है।

सौरव दास की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिब्बल ने अदालत को बताया कि उनके मुवक्किल को न तो LOC जारी होने की जानकारी दी गई और न ही इसके पीछे की वजह और उद्देश्य बताया गया। वहीं, केंद्र सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) चेतन शर्मा ने कहा कि LOC की कॉपी याचिकाकर्ता को नहीं दी जा सकती।

पासपोर्ट में जन्मस्थान की जानकारी पर फंसे सौरव

वहीं, सौरव दास के पासपोर्ट को लेकर विदेश मंत्रालय ने कार्रवाई की थी। पासपोर्ट आवेदन में जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी में कथित विसंगति सामने आने के बाद चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। मंत्रालय ने सौरव दास से 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। साथ ही, स्पष्टीकरण दाखिल करने तक उन्हें अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया।