ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के रुद्रपुरा गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पति, सास, जेठ और जेठानी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है।
मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले जमुना उर्फ प्रिया जाटव पर 2 लाख रुपए नकद और मोटरसाइकिल लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
जमुना ने करीब एक महीने पहले बच्चे को जन्म दिया था। सितंबर 2026 में तबीयत बिगड़ने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
2024 में हुई थी शादी, महीनेभर पहले जन्मा बच्चा
पुलिस के मुताबिक, जमुना उर्फ प्रिया जाटव की शादी 2024 में बंटी जाटव से हुई थी। बच्चे के जन्म के करीब एक महीने बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे ग्वालियर के 1000 बिस्तर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।
मायके पक्ष ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के पिता, भाई, बहनों और जीजा के बयान दर्ज किए। परिजनों ने आरोप लगाया कि पति बंटी जाटव, सास सुनीता जाटव, जेठ मोनू जाटव और जेठानी सीमा जाटव उस पर मायके से 2 लाख रुपए और मोटरसाइकिल लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था।
पहले महिला थाने में भी की थी शिकायत
जांच में सामने आया कि जमुना ने पहले भी ससुराल पक्ष के खिलाफ महिला थाना पड़ाव में प्रताड़ना की शिकायत की थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हुआ था। पुलिस ने पुरानी शिकायत और राजीनामे से जुड़े दस्तावेज हासिल कर जांच में शामिल किए हैं।
पोस्टमार्टम के बाद विसरा जांच जारी
डॉक्टरों के पैनल की शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण कार्डियो-रेस्पिरेटरी फेल्योर यानी हृदय और श्वसन क्रिया बंद होना बताया गया है। मौत की सटीक वजह स्पष्ट करने के लिए विसरा की रासायनिक जांच, हिस्टोपैथोलॉजिकल सैंपल और अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड की समीक्षा की जा रही है।
पति समेत चार लोगों पर केस दर्ज
मायके पक्ष के बयानों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुरानी छावनी थाना पुलिस ने पति बंटी जाटव, सास सुनीता जाटव, जेठ मोनू जाटव और जेठानी सीमा जाटव के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।