अलग-अलग शहरों में लाखों लोग रोज मेट्रो से सफर करते हैं और इनमें से बड़ी संख्या में यात्री स्मार्टकार्ड का भी इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, स्मार्टकार्ड के साथ दो दिक्कतें हैं, जिनसे हजारों-लाखों लोग रोज दो-चार होते हैं। पहली कि कार्ड को संभालकर रखना पड़ता है और कार्ड के खोने पर उसमें मौजूद बैलेंस से भी आप हाथ धो बैठते हैं। वहीं दूसरी समस्या रोज सफर से पहले कार्ड को वॉलेट या बैग से बाहर निकालने और फिर रखने को लेकर होती है।

आप चाहें, तो दोनों ही समस्याओं से पल भर में छुटकारा पा सकते हैं। दरअसल आप अपने फोन को ही मेट्रो के स्मार्टकार्ड के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आपको अपने शहर की मेट्रो से जु़ड़ी ऐप को फोन में इंस्टॉल करना होगा और फिर आप बहुत आसानी से फोन में वर्चुअल स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल कर पाएंगे।

इस ऐप की वजह से आपको रोज कार्ड को अलग से वॉलेट या बैग से बाहर नहीं निकालना पड़ता और साथ ही कार्ड के खोने की वजह से बैलेंस के खराब जाने का डर भी नहीं रहता। वर्चुअल स्मार्ट कार्ड का फीचर दिल्ली मेट्रो, बेंगलुरु की BMRCL Namma Metro, मुंबई की Mumbai 1 App और पुणे मेट्रो ऐप में भी उपलब्ध है।
क्या है वर्चुअल स्मार्ट कार्ड?


इसे आप एक आम स्मार्ट कार्ड का सॉफ्टवेयर वर्जन समझ सकते हैं, जो कि आप अपने शहर की मेट्रो ऐप में ऐक्सेस कर सकते हैं।

दिल्ली में इसे Delhi Metro Sarthi ऐप पर ऐक्सेस किया जा सकता है और इस वर्चुअल कार्ड में बैलेंस डलवाकर आप इसे ठीक उसी तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं, जैसे कि आप अपने साधारण मेट्रो स्मार्टकार्ड को इस्तेमाल करते हैं।


वर्चुअल स्मार्ट कार्ड के फायदे क्या हैं?


वर्चुअल स्मार्ट कार्ड आपके फोन में मौजूद मेट्रो ऐप में सुरक्षित रहता है। इसकी वजह से इसे खोने और हर बार बैग से निकालने का झंझट नहीं रहता।

जब आप वर्चुअल स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो एक बार बैलेंस डलवाने के बाद आप एक क्लिक में QR कोड जेनरेट कर सकते हैं और आसानी से मेट्रो से यात्रा कर सकते हैं। इसकी वजह से हर बार QR कोड जेनरेट करने के लिए पेमेंट नहीं करनी पड़ती।

स्मार्टकार्ड की तरह ही वर्चुअल कार्ड को इस्तेमाल करने से आपको किराये पर 10% तक की छूट मिलती है। वहीं अगर आप सिंगल टिकट खरीदते हैं, तो आपको पूरा किराया भरना पड़ता है।


कैसे करें इस्तेमाल?


इसके लिए आपको अपने शहर की ऑफिशियल मेट्रो ऐप को डाउनलोड करना होगा। हमारे केस में यह दिल्ली की Delhi Metro Sarthi ऐप है।

  1. ऐप इंस्टॉल करने के बाद उसमें अपने फोन नंबर की मदद से लॉगइन कर लें।

  2. ऐप में लॉगइन करने के बाद स्क्रीन पर शुरू में ही आपको Virtual Card का ऑप्शन मिल जाएगा। इस पर क्लिक करें।

  3. इसके बाद आपके सामने एक वर्चुअल कार्ड आएगा और उस पर Top Up का ऑप्शन मिलेगा।

  4. TopUp पर क्लिक करके अपने अनुसार राशि भरकर कार्ड को रिचार्ज कर लें।

  5. रिचार्ज होने के बाद आपका बैलेंस वर्चुअल कार्ड पर दिखने लगेगा।


स्टेशन पर कैसे करें इस्तेमाल


मेट्रो स्टेशन पर वर्चुअल मेट्रो कार्ड इस्तेमाल करने के लिए आपको मेट्रो ऐप में वर्चुअल कार्ड ऑप्शन पर जाकर कार्ड को नीचे की ओर स्वाइप करना होगा।

  • इसके बाद आपके सामने एक QR कोड आ जाएगा। इसे मेट्रो के गेट पर स्कैन कर आप आसानी से यात्रा कर सकेंगे।

  • यात्रा पूरी होने के बाद वर्चुअल मेट्रो कार्ड का बैलेंस खुद अपडेट हो जाएगा।​