कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात क्रॉकरी दुकान में लगी आग से दो माह के बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई थी। मंगलवार देर शाम नगरवासियों ने बस स्टैंड चौराहे पर कैंडल जलाकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शोक जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
आग कटनी रोड स्थित पूरन अग्रवाल और नितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में लगी थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। आग के समय घर में सो रहे छह लोग इसकी चपेट में आ गए थे। उनकी मौत हो गई।
निष्पक्ष जांच की मांग
श्रद्धांजलि सभा में स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर आक्रोश जताया। उन्होंने प्रशासन से अग्निकांड की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। लोगों का कहना था कि आग लगने की असली वजह सामने आनी चाहिए। जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।