कटनी जिले के स्लीमनाबाद में सोमवार को NH-30 पर सड़क हादसे में एक स्कूटी सवार घायल हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एसपी कार्यालय के दो पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से युवक की जान बच गई। फर्स्ट ऐड के बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस कांस्टेबल राजेंद्र मिश्रा और किशोर कापसे जबलपुर से कटनी आ रहे थे। इसी दौरान स्लीमनाबाद मोड़ के पास उन्होंने घायल युवक को देखा। दोनों ने उसे अपनी कार में बैठाया और कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) स्लीमनाबाद पहुंचाया।


कार की टक्कर से घायल हुआ था युवक

घायल युवक की पहचान रवि सिंह बघेल (25), पिता महेंद्र सिंह बघेल, निवासी सेवढ़ा, जिला दतिया के रूप में हुई है। वह वर्तमान में स्लीमनाबाद में रहता है। बताया गया कि कटनी से स्लीमनाबाद जाते समय एक कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया था।

CHC में डॉक्टरों ने युवक को फर्स्ट ऐड दिया। इसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हादसे में शामिल कार को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है।