नई दिल्ली: समय के साथ रिटायरमेंट की प्लानिंग और इसके लिए फंड को जुटाने की प्रक्रिया में काफी बदलाव आया है। एक वक्त था जब लोग रिटायरमेंट प्लान को लेकर कहते थे कि अभी तो बहुत समय है। लेकिन, आज की दौर में कई लोग ऐसे दिख जाते हैं जो नौकरी के साथ उसकी पहली सैलरी आते ही रिटायरमेंट फंड को जुटाना शुरू कर देते हैं। वहीं, कई लोग 30 की उम्र, 40 की उम्र में इस प्रकार के फंड को जुटाने लगते हैं।

रिटायरमेंट फंड एक प्रकार से अपने भविष्य के लिए की जा रही वित्तीय प्लानिंग का ही एक हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य यह होता है कि जब आप रिटायर हो जाएं और आपकी तय सैलरी आनी बंद हो जाए, तब आपको उस समय यह रिटायरमेंट फंड ही आर्थिक रूप से काफी मदद करे।
अब सवाल यह है कि लोगों को रिटायरमेंट प्लानिंग और इसके फंड के लिए क्या कुछ अहम रणनीति अपनानी चाहिए, इसके साथ ही सवाल यह भी है कि इसपर कंपाउंडिंग का फायदा कब दिखता है, आइए इन सभी सवालों को एक्सपर्ट और Anand Rathi Wealth Limited के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर आदिल चाको (Adil Chacko) से जानते हैं।
पावर ऑफ कंपाउंडिंग और कॉर्पस का फायदा

रिटायरमेंट प्लानिंग और इसके लिए फंड जुटाने को लेकर आनंद राठी वेल्थ लिमिटेड के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर आदिल चाको ने एनबीटी से खास बातचीत की है। उन्होंने बताया कि जब आप काम करना शुरू करें तो एक अनुशासन के तहत पैसे जुटाने की जरूरत है।
जितनी जल्दी आप शुरू (निवेश) करेंगे, उतना ज्यादा जो पावर ऑफ कंपाउंडिंग का बेनिफिट(फायदा) है जिसको हम चक्रवृद्धि ब्याज कहते हैं, यानी ब्याज पर ब्याज या रिटर्न पर रिटर्न जो आप कमाते हैं, वो मिल सकेगा।

आदिल चाको, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर- आनंद राठी वेल्थ लिमिटेड


एक्सपर्ट ने आगे कहा, आपको यह देखना है कि जब भी आप रिटायर होने का निर्णय लेते हैं तो आपकी कैपिटल (पूंजी) की मात्रा कम होनी चाहिए और रिटर्न की मात्रा ज्यादा होनी चाहिए। तो उसके लिए आपको समय देना बहुत जरूरी है।


कम से कम अगर आप 20 साल का समय दें या 25 साल का समय दें या 30 साल का समय दें, तभी जाकर एक शानदार कॉर्पस बनेगा।

आदिल चाको, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर- आनंद राठी वेल्थ लिमिटेड


रिटायरमेंट फंड के लिए कहां निवेश करना चाहिए?

आनंद राठी वेल्थ लिमिटेड के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर आदिल चाको ने यह भी बताया है कि रिटायरमेंट फंड के लिए कहां पर निवेश करना चाहिए। उन्होंने एनबीटी से बात करते हुए कहा कि रिटायमेंट फंड के लिए कहां पर निवेश करना चाहिए, वह एक ऐसा इंस्ट्रूमेंट होना चाहिए, जो महंगाई को लगातार हरा सके।

हमलोगों के पास एसेट कैटेगरी हैं। चाहें आप इक्विटी मार्केट ले लीजिए या आप गोल्ड ले लीजिए। ये दो ऐसी एसेट कैटेगरी हैं, जो कम से कम महंगाई को मैच करती हैं या जो लॉक पीरियड होता है उनको बीट (मात देना) भी करती हैं।

आदिल चाको, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर- आनंद राठी वेल्थ लिमिटेड

यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि एसेट कैटेगरी में इक्विटी और गोल्ड के अलावा बॉन्ड्स, एफडी, रियल एस्टेट और कमोडिटीज भी शामिल हैं।


  1. रिटायरमेंट प्लानिंग क्या है?
    रिटायरमेंट प्लानिंग वह है, जिसमें आप अपनी रिटायरमेंट वाली जिंदगी के लिए काफी पहले से प्लान करके फंड या पैसे जुटाते हैं।

  2. रिटायरमेंट प्लानिंग की गलतियों में क्या शामिल हैं?
    रिटायरमेंट प्लानिंग की गलतियों महंगाई का अनुमान ना लगा पाना, देर से शुरुआत करना, पोर्टफोलियो को डायवर्सिफाई ना कर पाना समेत अन्य शामिल हैं।

  3. क्या देश में कोई सरकारी रिटायरमेंट योजनाएं भी हैं?
    हां, देश में सरकारी रिटायरमेंट योजनाएं भी हैं, जिनमें एनपीएस, ईपीएस, पीपीएफ आदि शामिल हैं।

  4. रिटायरमेंट प्लानिंग में किन बातों का ध्यान रखें?
    रिटायरमेंट प्लानिंग में आय के वैकल्पिक साधन, महंगाई का ध्यान और निवेश, रिटायरमेंट फंड में समय के साथ बढ़ोतरी समेत अन्य बातों को ध्यान में रखें।

  5. पावर ऑफ कंपाउंडिंग का अर्थ क्या होता है?
    पावर ऑफ कंपाउंडिंग का अर्थ होता है कि आपकी जमा राशि (मूलधन) पर एक समय बाद मिलने वाले रिटर्न पर भी रिटर्न मिलता है। इसको ब्याज पर ब्याज मिलना भी कहते हैं।