नई दिल्ली: राहुल गांधी के विदेश दौरों पर तंज कसते हुए बीजेपी प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस को उन्हें विदेश भेजने पर पैसा खर्च करना बंद कर देना चाहिए। कांग्रेस को अपने नेता का कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से तैयार प्रारूप को विदेश भेजने पर विचार करना चाहिए क्योंकि वह बार-बार एक ही बात दोहराते हैं। बीजेपी मुख्यालय में गुरुवार मीडिया को संबोधित करते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी के साथ ही साथ कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल पर भी निशाना साधा।
राहुल गांधी के हटने के बाद बनी सरकार

कांग्रेस महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल के बयान पर तंज कसते हुए बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि वह एक वरिष्ठ नेता हैं। वह एक ऐसे राज्य से आते हैं, जहां राहुल गांधी के कदम रखने के बाद से ही कांग्रेस पार्टी कभी सत्ता में वापस नहीं आ पाई। जबकि हो सकता था कि वहां बारी-बारी से कांग्रेस की सरकार बनती। असल में, वहां सरकार तब बनी जब वह वहां से हट गए।

साक्षरता दर वाला कांग्रेस पर तंज

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि जहां तक उनके बयान की बात है, तो वह बिल्कुल सही है। राहुल गांधी के बारे में बहुत कुछ कहने की जरूरत नहीं है। जो नहीं कहा गया, उसे भी समझा जा सकता है, पूरा देश अच्छी तरह जानता है कि राहुल गांधी कौन हैं। मुझे लगता है कि इसीलिए किरेन रिजिजू ने उसी बात पर फिर से जोर दिया है।
यह ध्यान देने वाली बात है कि जब से भारत की साक्षरता दर 50 प्रतिशत से ऊपर गई है, तब से कांग्रेस पार्टी को कभी बहुमत नहीं मिला है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राहुल गांधी शिकागो में भारत के खिलाफ टिप्पणी करते हैं, वही शहर जहां कभी स्वामी विवेकानंद ने देश का मान बढ़ाया था।

सुधांशु त्रिवेदी, बीजेपी सांसद

क्या बोले थे केसी वेणुगोपाल

राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर की गई टिप्पणी की आलोचना करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने नेता विपक्ष पर हमला बोला था। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में लोकतंत्र अनुपस्थित होता तो राहुल गांधी को सरकार की नीतियों की आलोचना करने की स्वतंत्रता नहीं होती। वहीं किरेन रिजिजू की ओर से जो कुछ कहा गया उस पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि संसदीय कार्यमंत्री को सलाह देने से पहले अपनी पार्टी और प्रधानमंत्री के कार्यों पर विचार करना चाहिए।