ओंकारेश्वर में स्थापित एकात्मता की मूर्ति (स्टैच्यू ऑफ वननेस) पूर्णतः सुरक्षित और सुदृढ़

Updated on 10-07-2026 11:23 AM

पवित्र नगरी ओंकारेश्वर में 'एकात्म धाम' में स्थापित आदिगुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊँची बहुधातु प्रतिमा—'एकात्मता की मूर्ति' पूर्णतः सुरक्षित, सुदृढ़ और संरचनात्मक रूप से अत्यंत मजबूत है। संस्कृति विभाग के 'आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास' द्वारा वर्ष 2023 में स्थापित की गई यह भव्य प्रतिमा अत्याधुनिक इंजीनियरिंग और उच्चतम अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। इसके निर्माण, अभिकल्पना और सुरक्षा आकलन में देश-विदेश की सर्वोच्च और अत्यंत प्रतिष्ठित विशेषज्ञ संस्थाओं की सेवाएँ ली गई हैं।


मुख्य अभियंता एवं परियोजना संचालक एकात्मधाम श्री राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि ऐतिहासिक प्रतिमा 'एकात्मता की मूर्ति' का निर्माण कार्य मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' का सफलतापूर्वक निर्माण करने वाली देश की अग्रणी कंपनी मैसर्स एल एंड टी (L&T) के माध्यम से संपन्न कराया गया है। मूर्ति के कॉस्टिंग का महत्वपूर्ण कार्य भी 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' जैसी वैश्विक धरोहर बनाने वाली ख्याति प्राप्त कंपनी जेटीक्यू द्वारा किया गया है। परियोजना प्रबंधन सलाहकार के रूप में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कंपनी मैसर्स माइनहार्ट सिंगापुर ने अपनी सेवाएँ दी हैं, जिन्हें इस प्रकार की विशाल संरचनाओं का व्यापक वैश्विक अनुभव है। साथ ही, प्रतिमा के डिजाइन सलाहकार के रूप में देश के सबसे बड़े कन्वेंशन सेंटर 'यशोभूमि', 'भारत मंडपम्' और 'वल्लभ भवन एनेक्सी' जैसी महत्वपूर्ण शासकीय व राष्ट्रीय इमारतों को स्वरूप देने वाली प्रतिष्ठित फर्म मैसर्स सी.पी. कुकरेजा एसोसिएट्स ने भूमिका निभाई है।


प्रतिमा के संरचनात्मक स्थायित्व को सुनिश्चित करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) चेन्नई (मद्रास) एवं IIT दिल्ली जैसी सर्वोच्च संस्थाओं से विस्तृत तकनीकी परामर्श प्राप्त किया गया है। प्रतिमा का मिक्स डिजाइन और अत्याधुनिक 'सीज़मिक एनालिसिस' (भूकंपीय विश्लेषण) जैसे अत्यंत संवेदनशील परीक्षण IIT मद्रास द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न किए गए हैं। वहीं, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली द्वारा किए गए तकनीकी आकलन के अनुसार, इस भव्य प्रतिमा की 'डिजाइन लाइफ' (अभिकल्पना अवधि) 500 वर्ष या उससे अधिक निर्धारित की गई है, जो इसके दीर्घकालिक स्थायित्व को अकाट्य रूप से प्रमाणित करती है।


'एकात्मता की मूर्ति' की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करते हुए ओंकारेश्वर कार्य स्थल के सीज़मिक जोन-III में होने के बावजूद, प्रतिमा की संरचनात्मक गणनाएँ अत्यधिक संवेदनशील और उच्चतर सीज़मिक जोन-IV के कड़े मानकों के आधार पर की गई हैं। इन कठोर पैमानों पर भी प्रतिमा की डिजाइन पूर्णतः सुरक्षित और अचूक पाई गई है। इसी क्रम में, विश्व विख्यात जर्मन विंड इंजीनियरिंग कंपनी मैसर्स वर्नर सोबेक एजी द्वारा प्रतिमा का व्यापक 'विंड टनल एनालिसिस' किया गया है। ओंकारेश्वर क्षेत्र के लिए निर्धारित मानक वायु दबाव (140 किमी/घंटा) की तुलना में इस प्रतिमा की गणना 169 किमी/घंटा की अत्यधिक उच्च वायु गति पर की गई है, जो विपरीत से विपरीत मौसम में भी इसके अडिग रहने की गारंटी देती है।


विश्वस्तरीय स्ट्रक्चरल सॉफ्टवेयर 'ETABS' के माध्यम से किए गए वास्तविक सॉफ्टवेयर विश्लेषण में भी प्रतिमा की वास्तविक सुदृढ़ता स्थापित हुई है। स्वीकृत एवं अनुमोदित डिजाइन के अनुक्रम में, अनुमेय स्ट्रेस रेशियो की निर्धारित सीमा 0.85 के विरुद्ध इस भव्य संरचना का वास्तविक स्ट्रेस रेशियो मात्र 0.4 पाया गया है, जो कि तय मानकों से बहुत बेहतर और पूरी तरह सुरक्षित सीमा के भीतर है।


तकनीकी विशेषज्ञों और परियोजना अधिकारियों के अनुसार, 'एकात्मता की मूर्ति' का पेडेस्टल (पिलर) और मुख्य ढांचा पूरी तरह से अपने निर्धारित अक्ष पर मजबूती से स्थिर है। यह भव्य प्रतिमा पूरी तरह सुरक्षित, सुदृढ़ और अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निर्मित है, जो आने वाली कई सदियों तक देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए श्रद्धा और प्रेरणा का केंद्र बनी रहेगी।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 10 July 2026
पवित्र नगरी ओंकारेश्वर में 'एकात्म धाम' में स्थापित आदिगुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊँची बहुधातु प्रतिमा—'एकात्मता की मूर्ति' पूर्णतः सुरक्षित, सुदृढ़ और संरचनात्मक रूप से अत्यंत मजबूत है। संस्कृति विभाग…
 03 July 2026
प्राकृतिक सौंदर्य, हरियाली और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध, बैतूल जिले की भैंसदेही तहसील में स्थित कुकरू एक अनछुआ रमणीय पर्यटन स्थल है। समुद्र तल से लगभग 3,668 फीट की…
 02 July 2026
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। पौथू थाना क्षेत्र के भतारी गांव के समीप कोचिंग…
 02 July 2026
 हमीरपुरः यूपी के हमीरपुर में बहू से परेशान 75 साल के संत ने अपने पेट में छुरी घुसेड़ ली। यह दृश्य देखकर मासूम नातिन बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी।…
 02 July 2026
जयपुर: राजस्थान में भीषण गर्मी और उमस मौसम से अब जल्द ही राहत मिलने वाली है। लगभग एक हफ्ते की देरी के बाद, दक्षिण-पश्चिमी मानसून अगले 24 से 30 घंटों…
 02 July 2026
 मथुरा: यूपी के मथुरा में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक बंद दुकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध गांजा…
 02 July 2026
नई दिल्ली/कोलकाता, तृणमूल कांग्रेस (TMC) का बागी गुट आज दोपहर 12 बजे नई दिल्ली में चुनाव आयोग से मिलेगा। 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पार्टी में हुए संगठनात्मक बदलावों और नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी…
 02 July 2026
बेंगलुरु, बेंगलुरु में आईटी कंपनी कैपजेमिनी के एचएएल कैंपस में चल रहे डे-केयर सेंटर में 2-3 साल के बच्चे के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। सेंटर के कुछ वीडिया…
 31 May 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग अंतर्गत वीर भारत न्यास द्वारा आयोजित सदानीरा समागम  विशेष चित्रांकन कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में देशभर से लगभग 100 लोक, पारंपरिक और जनजातीय…
Advt.