नई दिल्ली: कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारतीय अर्थव्यवस्था पर टिप्पणी को लेकर बीजेपी के तमाम नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बुधवार कहा कि राहुल गांधी अपरिपक्व हैं, भारत-विरोधी हैं और भारत के 'मीर जाफर' हैं। वहीं राहुल गांधी को 'मीर जाफर' कहे जाने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि अर्थव्यवस्था की हालत खराब है, लेकिन सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है।
राहुल गांधी के बयान से दिक्कत क्यों- कांग्रेस

कांग्रेस ने राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए बयान को लेकर बीजेपी के हमले पर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार को देश की अर्थव्यवस्था की बदहाली, महंगाई और बेरोजगारी की चिंता नहीं है। उसे इस बात की परेशानी है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष इन मुद्दों पर बोलते हैं और दुनिया उनकी बात सुनती है।

'परसेप्शन मैनेजमेंट' की सरकार है- पवन खेड़ा

पवन खेड़ा ने कहा कि यदि राहुल गांधी अर्थव्यवस्था की खराब हालत के बारे में कुछ कहते हैं, तो इससे दिक्कत हो जाती है। सरकार को इस बात से ज्यादा दिक्कत है कि राहुल गांधी बोलते हैं और बाकी लोग सुनते हैं। अर्थव्यवस्था को सुधारना सरकार की प्राथमिकता नहीं है। यह सरकार 'परसेप्शन मैनेजमेंट' की सरकार है। इस सरकार का बस यही मकसद है कि सच्चाई और तथ्यों को दबा दिया जाए।
कोलंबिया विश्वविद्यालय में क्या कहा था राहुल गांधी ने

राहुल गांधी ने मंगलवार को अमेरिका के कोलंबिया विश्वविद्यालय में एक अनौपचारिक संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत आर्थिक आपदा की कगार पर है, जहां बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है। शिक्षा व्यवस्था में गंभीर समस्याएं हैं। राहुल गांधी ने कहा कि भारत के आर्थिक मॉडल ने लगभग एक दशक पहले ही नतीजे देना बंद कर दिया था। उन्होंने सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्ट-अप इंडिया’ जैसी पहल की आलोचना करते हुए दावा किया कि ये पहल देश की चरमराई आर्थिक बुनियाद को फिर से मजबूत करने में नाकाम रही हैं।