गुना: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह , उज्जैन से अयोध्या तक 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' कर रहे हैं। यात्रा के इस दौरान दिग्विजय सिंह और उनकी पत्नी अमृता रॉय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पत्रकारवार्ता के दौरान दिग्विजय सिंह, यूपी के कुंडा विधायक राजा भैया और बागेश्वर महाराज पर टिप्पणी कर रहे थे।
दिग्विजय सिंह ने जैसे ही बागेश्वर बाबा पर टिप्पणी तभी उनकी पत्नी अमृता रॉय ने हैरानी जताते हुए उन्हें रुकने का इशारा करने लगीं। अमृता रॉय ने दिग्विजय सिंह के पैर में हाथ रखा और रुकने का इशारा किया। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने केवल इतना ही कहा कि बागेश्वर बाबा जहां कथा करते हैं वहां बीजेपी की हार होती है जो हमारे लिए अच्छा है।
क्या कहा दिग्विजय सिंह ने
दिग्विजय सिंह ने अपनी बात पूरी करते हुए कहा कि कुंडा वाले राजा भैया उनके रिश्तेदार हैं और वहां छतरपुर के बागेश्वर महाराज कथा करने गए हैं। इस दौरान उन्होंने यह दावा भी किया कि जिन लोगों ने बागेश्वर महाराज की कथा कराई है, वे चुनाव हारे हैं। हम तो चाहते हैं भाजपा वाले जगह-जगह बागेश्वर महाराज की कथा कराएं। बयान के समय अमृता रॉय के चेहरे पर हैरानी के भाव स्पष्ट दिखाई दिए।
राजा भैया के साथ रिश्तेदारी
कुंडा के बाहुबली नेता राजा भैया और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आपस में रिश्तेदार हैं। जयवर्धन सिंह की शादी के अलावा राघौगढ़ किले में होने वाले खास कार्यक्रम में अक्सर राजा भैया आते रहते हैं। वहीं, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र शास्त्री को भी जयवर्धन सिंह ने अपने राघौगढ़ किले पर आमंत्रित कर विशेष सत्कार किया था।
यूपी पहुंच चुकी है यात्रा
दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन यात्रा उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पहुंच गई है। यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 से जमीन खरीदी में हुए कथित घोटालों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई है। दिग्विजय सिंह के अनुसार, जब ट्रस्ट से जुड़े महिपाल सिंह ने जमीन घोटाले की शिकायत की और दीनानाथ वर्मा ने निर्माण कार्यों में 40 प्रतिशत कमीशन मांगे जाने की बात उठाई, तो राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी चंपत राय ने भ्रष्टाचार पकड़ने वालों को ही पद से हटा दिया।