नई दिल्ली: मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। शनिवार को 2 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। इस घटना के बाद राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस त्रासदी को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है और इसे प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा बताया है।
राहुल गांधी ने सरकार पर लगाए लापरवाही के आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, 'मणिपुर में जहरीली शराब से कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत दुखद है। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। यह हादसा नहीं, BJP सरकार की लापरवाही का नतीजा है। पहले हिंसा ने सैकड़ों घर उजाड़े, अब जहरीली शराब उजाड़ रहीं है- सरकार अब भी सो रही है। दोषियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई हो और बिना देरी पीड़ित परिवारों को पूरी सहायता और उचित मुआवजा मिले।'
300 लोग अस्पताल में भर्ती, कई इलाकों में फैला असर
इस मामले में 18 नवंबर से अब तक करीब 300 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। प्रभावित लोगों में ज्यादातर चंदेल जिले के नुंगपान, चकपिकरोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंफाल के अलग-अलग चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया गया है।
सरकारी और निजी अस्पतालों में चल रहा इलाज
पीड़ितों का इलाज इंफाल के जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (जेएनआईएमएस), रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरआईएमएस) और दो निजी अस्पतालों में चल रहा है। जहरीली शराब से लगातार बढ़ती मौतों ने इलाके में चिंता बढ़ा दी है। वहीं, राहुल गांधी की प्रतिक्रिया के बाद इस घटना को लेकर राज्य सरकार की जवाबदेही का मुद्दा भी राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।