भोपाल: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चुनाव आयोग को लेकर अपना राजनीतिक अभियान तेज कर दिया है। सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई है। दिग्विजय सिंह ने ऐलान किया है कि वे इन मांगों को लेकर राष्ट्रपति को आवेदन भेजेंगे। साथ ही उन्होंने आम जनता से इस मुहिम में जुड़ने की अपील करते हुए मिस्ड कॉल नंबर भी जारी किया है।
दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा अशोकनगर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा की ओर बढ़ रही है। यात्रा के दौरान उन्होंने भरियाखेड़ी, भिखली, तारई और ललोई सहित कई गांवों में लोगों से मुलाकात की और जनसंवाद किया। इसके बाद यात्रा का काफिला प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल थूबोनजी पहुंचा, जहां रात्रि विश्राम किया गया।

राष्ट्रपति को आवेदन, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रपति को भेजे जाने वाले आवेदन की मांगों के बारे में जानकारी दी। इसमें निष्पक्ष चुनाव कराने, आगामी चुनाव मतपत्र के माध्यम से संपन्न कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग शामिल है।
इसके अलावा राम मंदिर के चंदे में कथित भ्रष्टाचार के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी आवेदन में शामिल की गई है। इन मुद्दों पर जनसमर्थन जुटाने के लिए मोबाइल नंबर 8982121282 जारी किया गया है। दिग्विजय सिंह ने लोगों से इस नंबर पर मिस्ड कॉल देकर अपनी सहमति दर्ज कराने की अपील की है।

जैन समाज ने याद किया पुराना सहयोग, कहा- सदैव ऋणी रहेंगे

थूबोनजी अतिशय क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जैन समाज के पदाधिकारियों ने दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्री कार्यकाल में किए गए सहयोग को याद किया। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि अमरकंटक में जैन मंदिर निर्माण के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण सहयोग दिया था। इसके साथ ही मक्सी में जैन समाज से जुड़े विवाद का भी मुख्यमंत्री रहते हुए कम समय में समाधान कराया था। पदाधिकारियों ने कहा कि इन कार्यों के लिए जैन समाज उनका सदैव ऋणी रहेगा।

कंप्यूटर बाबा भी यात्रा में रहे मौजूद

थूबोनजी में रात्रि विश्राम के दौरान संत कंप्यूटर बाबा भी मौजूद रहे। इस दौरान दिगम्बर जैन संतों की कठोर तपस्या, त्याग और साधना की सराहना की गई। दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब भी वे इस मार्ग से गुजरते हैं, थूबोनजी तीर्थ क्षेत्र में रुककर संतों का आशीर्वाद जरूर लेते हैं। कार्यक्रम में जैन समाज के पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। धार्मिक स्थल पर यात्रा के पड़ाव के दौरान सामाजिक सौहार्द और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा का संगम देखने को मिला।