वॉशिंगटन, दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति इलॉन मस्क की दो कंपनियां स्पेसएक्स और टेस्ला का जल्द ही मर्जर हो सकता है। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह डील 3.2 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 300 लाख करोड़ रुपए में हो सकती है।

मर्जर के लिए दोनों कंपनियों ने एक स्पेशल कमेटी बनाई है। इसे इतिहास का सबसे बड़ा मर्जर बताया जा रहा है, जिसका ऐलान दिसंबर में हो सकता है।

मर्जर के बाद दुनिया की टॉप-5 कंपनियों में एंट्री होगी

मौजूदा मार्केट वैल्यू के हिसाब से स्पेसएक्स दुनिया की 7वीं और टेस्ला 9वीं सबसे वैल्यूएबल कंपनी है। स्पेसएक्स का मार्केट कैप करीब 1.7 ट्रिलियन डॉलर और टेस्ला का 1.5 ट्रिलियन डॉलर है।


दोनों के मर्जर के बाद बनने वाली नई कंपनी की टोटल वैल्यू 3.2 ट्रिलियन डॉलर हो जाएगी। इससे यह सीधे दुनिया की टॉप-5 सबसे वैल्यूएबल कंपनियों की लिस्ट में शामिल हो जाएगी।


कमेटी में 5 डायरेक्टर और 3 इन्वेस्टमेंट बैंक शामिल

मर्जर के लिए दोनों कंपनियों ने 5 डायरेक्टर्स और 3 इन्वेस्टमेंट बैंकों को नियुक्त किया है। स्पेसएक्स की तरफ से रोएलोफ बोथा और रैंडी ग्लेन बातचीत करेंगे। टेस्ला की तरफ से रॉबिन डेनहोम, कैथलीन विल्सन-थॉम्पसन और जैक हार्टुंग को डील की जिम्मेदारी दी गई है।

इन पांचों डायरेक्टर्स के इलॉन मस्क के साथ पुराने प्रोफेशनल संबंध रहे हैं, लेकिन कमेटी ने इन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र माना है। इनका मुख्य काम प्रस्तावित डील का वैल्यूएशन करना और बातचीत के दौरान अपनी-अपनी कंपनियों के हितों की रक्षा करना है।

3 बड़े इन्वेस्टमेंट बैंक कर रहे डील की फाइनेंशियल मॉडलिंग

इस ऐतिहासिक डील के फाइनेंशियल पहलुओं को सुलझाने के लिए दुनिया के तीन बड़े इन्वेस्टमेंट बैंकों को जोड़ा गया है। मॉर्गन स्टेनली और गोल्डमैन सैक्स स्पेसएक्स को सलाह दे रहे हैं। एवरकोर को टेस्ला के लिए फाइनेंशियल मॉडल तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


मस्क ने खुद को मर्जर की बातचीत से अलग रखा

इलॉन मस्क ने 2026 की शुरुआत में पहली बार दोनों कंपनियों के मर्जर का प्रस्ताव रखा था। अक्टूबर में स्पेसएक्स की तीसरी तिमाही (Q3) की अर्निंग्स कॉल के दौरान मस्क ने इस मर्जर को एक अच्छा विचार बताया था।

उन्होंने पुष्टि की थी कि डील के वैल्यूएशन के लिए दोनों कंपनियों में स्पेशल कमेटियां बनाई गई हैं। मस्क ने यह भी साफ किया था कि हितों के टकराव से बचने के लिए उन्होंने खुद को इस बातचीत की प्रक्रिया से अलग कर लिया है।

पिछले हफ्ते डील-बुक समिट में बोलते हुए मस्क ने कहा था कि दोनों कंपनियों का साथ रहना शायद ज्यादा बेहतर होगा।

S&P 500 इंडेक्स में शामिल हो सकेगी स्पेसएक्स

  • इन्वेस्टमेंट बैंक जेपी मॉर्गन के मुताबिक, टेस्ला के साथ मर्जर होने पर स्पेसएक्स अमेरिकी शेयर बाजार के बड़े इंडेक्स S&P 500 में शामिल होने लायक बन जाएगी। इससे कंपनी के खुले शेयरों में करीब 10% तक अपने आप खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है।

  • जैसे-जैसे शेयरों पर लगी पाबंदी (लॉक-अप पीरियड) खत्म होगी और वे बाजार में बिकने-खरीदने के लिए आएंगे, स्पेसएक्स की बाजार वैल्यू में बदलाव होगा। इससे S&P डाउ जोन्स इंडेक्स में इसके आने की रफ्तार तेज हो सकती है और यह S&P 500 के नियमों के करीब पहुंच जाएगी।

  • मौजूदा नियमों के हिसाब से स्पेसएक्स अभी S&P 500 इंडेक्स में शामिल नहीं हो सकती। इस इंडेक्स में आने के लिए किसी भी कंपनी को शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद कम से कम एक साल तक कारोबार करना जरूरी है।

  • नियम यह भी है कि कंपनी को पिछली तिमाही और पूरे एक साल में तय जनरली एक्सेप्टेड अकाउंटिंग प्रिंसिपल्स (GAAP) के तहत असली मुनाफा दिखाना पड़ता है। टेस्ला के साथ मर्जर होने से स्पेसएक्स के लिए ये सारी शर्तें पूरी करना और इंडेक्स में जगह बनाना आसान हो सकता है।

क्या होती है ऑल-स्टॉक डील?

दोनों कंपनियों की ऑल-स्टॉक डील होगी। जब दो कंपनियां आपस में मर्ज होती हैं और इसमें नकद (कैश) लेनदेन की बजाय एक कंपनी के शेयरधारकों को दूसरी कंपनी के शेयर दिए जाते हैं, तो इसे ऑल-स्टॉक डील कहते हैं। इसमें दोनों कंपनियों के शेयरों की वैल्यू के रेश्यो में नए शेयर जारी किए जाते हैं।

क्या है S&P 500 और इसमें शामिल होने का फायदा?

यह अमेरिका की 500 सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनियों का इंडेक्स है, जैसे- भारत में निफ्टी-50। इसमें शामिल होने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि दुनिया भर के बड़े इंडेक्स फंड और म्यूचुअल फंड को नियम के तहत उस कंपनी के शेयर खरीदने पड़ते हैं, जिसे पैसिव बाइंग कहते हैं। जिससे शेयर की डिमांड और कीमत बढ़ती है।