वॉशिंगटन डीसी, अमेरिकी सेना का एक सैनिक पैसों के लिए अपने ही देश की सैन्य जानकारी चीन से जुड़े लोगों तक पहुंचा रहा था। वह सेना के गोपनीय दस्तावेजों की तस्वीरें अपने मोबाइल से खींचता और उन्हें आगे भेज देता था। इन दस्तावेजों में अमेरिकी सेना के ऑपरेशन, कम्युनिकेशन, सैन्य अभ्यास और रॉकेट-मिसाइल सिस्टम से जुड़ी अहम जानकारियां थीं।

अमेरिकी सेना के CCTV कैमरों में उसकी यह हरकत रिकॉर्ड हो गई। जांच में सामने आए सबूतों के बाद अब उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी का नाम जियान झाओ है। उसकी उम्र 37 साल है। वह वॉशिंगटन स्थित जॉइंट बेस लुईस-मैककॉर्ड में तैनात था।

सेना में मिली जिम्मेदारी का उठाया गलत फायदा

झाओ ने 2017 में अमेरिकी सेना जॉइन की थी। वह बैटरी सप्लाई सार्जेंट के पद पर तैनात था। इस जिम्मेदारी के तहत उसे सेना के संवेदनशील दस्तावेजों और उपकरणों तक पहुंच मिली हुई थी। उसके पास सुरक्षा मंजूरी भी थी, जिसके कारण वह कई गोपनीय जानकारियां देख सकता था।


जांच एजेंसियों के मुताबिक, झाओ ने अपनी इसी पहुंच का गलत इस्तेमाल किया। वह अपने निजी मोबाइल से गोपनीय दस्तावेजों और सैन्य प्रेजेंटेशन की तस्वीरें खींचता था। इनमें सेना के ऑपरेशन, कम्युनिकेशन नेटवर्क, रॉकेट-मिसाइल सिस्टम और सैन्य अभ्यास से जुड़ी जानकारियां थीं।

उसने हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम यानी हिमार्स से जुड़ी तकनीकी किताबों के कुछ हिस्से भी चीन से जुड़े खरीदारों को दिए। हिमार्स एक ऐसा रॉकेट सिस्टम है, जिससे एक साथ कई रॉकेट दागे जा सकते हैं। यूक्रेन युद्ध में भी इसका इस्तेमाल हुआ है।

झाओ ने सेना के कंप्यूटर और सरकारी हार्ड ड्राइव बेचने की पेशकश भी की थी। कुछ सैन्य सामान को उसने खुद संवेदनशील, सीक्रेट या टॉप सीक्रेट बताया था। अमेरिकी जांच के मुताबिक, इस काम के बदले उसे करीब 15 हजार डॉलर मिले थे।

पूर्व सैनिक ने तैयार किया था पूरा नेटवर्क

अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, इस साजिश में रूयो डुआन नाम का एक पूर्व अमेरिकी सैनिक भी शामिल था। वह ओरेगन में रहता था। जांच में सामने आया कि डुआन ने झाओ और सेना में काम कर रहे दूसरे लोगों को गोपनीय जानकारी जुटाने और आगे पहुंचाने के लिए तैयार किया था।

डुआन चीन में बैठे खरीदारों से संपर्क कराने और पैसों के लेन-देन का इंतजाम भी करता था। यानी झाओ दस्तावेज और सैन्य उपकरण जुटाता था, जबकि डुआन उन्हें खरीदारों तक पहुंचाने और भुगतान कराने में मदद करता था।

डुआन सितंबर 2026 में इस साजिश में अपना जुर्म कबूल कर चुका है। झाओ इस मामले में जुर्म कबूल करने वाला दूसरा आरोपी है।


अमेरिकी जांच एजेंसियों ने सेना के CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की। इसमें झाओ अपनी मेज पर रखे गोपनीय दस्तावेजों और प्रेजेंटेशन की तस्वीरें अपने मोबाइल से लेता दिखाई दिया।

6 मार्च 2025 को संघीय जांच एजेंसियों ने उसे वॉशिंगटन के लेसी शहर में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। घर की तलाशी में करीब 30 हजार डॉलर नकद, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और सेना की कई हार्ड ड्राइव मिलीं।

अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, झाओ ने अपराध से कमाए गए 17,500 डॉलर सरकार को सौंपने पर सहमति जताई है। इसके अलावा उसने गिरफ्तारी के दौरान जब्त किए गए 30 हजार डॉलर पर अपना दावा भी छोड़ दिया है। ये दोनों अलग-अलग रकम हैं।

अमेरिकी अधिकारियों ने कहा- सैनिकों की सुरक्षा खतरे में डाली

अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि झाओ ने सेना में मिली अपनी जिम्मेदारी और भरोसे का गलत इस्तेमाल किया। उसने निजी फायदे के लिए सैन्य जानकारी और उपकरण चीन से जुड़े लोगों तक पहुंचाए।

अमेरिकी सेना के काउंटर इंटेलिजेंस कमांड के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल सीन स्टिंचन ने कहा कि झाओ ने देश की रक्षा करने की शपथ और अपने साथियों के भरोसे को तोड़ा। उसकी हरकतों से अमेरिकी सेना की सुरक्षा और सैनिकों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

एफबीआई के अधिकारी डग ओल्सन ने कहा कि गोपनीय सैन्य जानकारी को निजी फायदे के लिए दूसरों तक पहुंचाना देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेंगी।

10 साल तक की जेल हो सकती है

झाओ ने 23 नवंबर 2026 को अमेरिकी अदालत में अपना जुर्म कबूल किया। उस पर देश की रक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी जुटाने और उसे अनधिकृत लोगों तक पहुंचाने की साजिश का आरोप है।

इस अपराध में उसे अधिकतम 10 साल की जेल हो सकती है। इसके अलावा उस पर 2.5 लाख डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। जेल से रिहा होने के बाद उस पर तीन साल तक निगरानी भी रखी जा सकती है। अदालत 1 मार्च 2027 को उसकी सजा का ऐलान करेगी।